Next Story
Newszop

सिटी ऑफ लेक्स के साथ White City के नाम से भी जाना जाता है उदयपुर, जानिए इसका इतिहास और रोचक कहानी

Send Push

भारत अपनी विविधता के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। यहाँ घूमने लायक कई जगहें हैं। जब सबसे खूबसूरत राज्यों की बात आती है, तो राजस्थान का नाम सबसे पहले आता है। राजस्थान का हर शहर पूरी दुनिया में अपनी एक अलग पहचान रखता है। यहाँ के कई शहर रंगों के नाम से जाने जाते हैं। जयपुर गुलाबी नगरी, जैसलमेर स्वर्ण नगरी और जोधपुर नीले नगरी के नाम से प्रसिद्ध है।

वहीं, राजस्थान का उदयपुर श्वेत नगरी के नाम से जाना जाता है। यह राजस्थान का सबसे खूबसूरत शहर भी है। इसे झीलों का शहर और पूर्व का वेनिस भी कहा जाता है। यह अपनी खूबसूरती और शाही वैभव के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। अरावली पहाड़ियों से घिरा यह शहर झीलों, महलों और हवेलियों के लिए जाना जाता है। यहाँ की गलियों में घूमते हुए आपको हर मोड़ पर इतिहास, कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।

यहाँ का शांत वातावरण, पारंपरिक राजस्थानी आतिथ्य और झील किनारे का नज़ारा हर पर्यटक को मंत्रमुग्ध कर देता है। दिन हो या रात, उदयपुर की खूबसूरती हर पल अपना अलग ही रंग दिखाती है। यही वजह है कि देश-विदेश से लोग यहाँ बार-बार आना पसंद करते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि उदयपुर को श्वेत नगरी क्यों कहा जाता है और इसका इतिहास क्या है? अगर नहीं, तो आपको हमारा यह लेख ज़रूर पढ़ना चाहिए। आइए जानते हैं उदयपुर से जुड़ी रोचक बातें -

उदयपुर का इतिहास क्या है?

सबसे पहले, आइए उदयपुर के इतिहास पर नज़र डालते हैं। यह एक शाही शहर है, जो सदियों तक मेवाड़ के शासकों की राजधानी रहा। इसकी गिनती सबसे रोमांटिक शहरों में भी होती है। कहा जाता है कि एक बार महाराणा उदय सिंह अरावली की पहाड़ियों में शिकार करते समय एक संत से मिले। संत ने राजा को सलाह दी कि वे उपजाऊ घाटी में अपना राज्य स्थापित करें, जो ऊँची अरावली पहाड़ियों से सुरक्षित हो। इसके बाद, महाराणा उदय सिंह ने 1557 ई. में उदयपुर की नींव रखी।

उदयपुर अपने खूबसूरत नज़ारों के लिए प्रसिद्ध है

आज यह शहर अपने खूबसूरत नज़ारों और शाही इतिहास के लिए जाना जाता है। यहाँ के प्राचीन स्मारक, भव्य महल, सुंदर मंदिर और झीलें लोगों को इस शाही जगह की ओर आकर्षित करती हैं। अगर आप उदयपुर गए हैं, तो आपने देखा होगा कि यहाँ के ज़्यादातर महल और घर सफ़ेद रंग के हैं।

इसे सफ़ेद शहर क्यों कहा जाता है?

अब आप सोच रहे होंगे कि उदयपुर को सफ़ेद शहर क्यों कहा जाता है, तो आपको बता दें कि यहाँ कई राजा-महाराजा हुए हैं जिन्होंने अपने महलों के निर्माण में सफ़ेद संगमरमर का इस्तेमाल करके उन्हें खूबसूरत बनाया। यहाँ की सफ़ेद इमारतों की बात करें तो लेक पैलेस, जग मंदिर, सज्जन गढ़ पैलेस, मानसून पैलेस जैसी कई जगहें हैं। यहाँ के ज़्यादातर घर भी सफ़ेद रंग के ही नज़र आते हैं।

ज़्यादातर महल सफ़ेद रंग के हैं। ये सभी शांति और एकता के प्रतीक भी हैं। यहाँ का सिटी पैलेस, पिछोला झील और फ़तेह सागर झील इस शहर को सफ़ेद रंग में रंग देते हैं। इसके अलावा, आप यहाँ राजपूत वास्तुकला के कई उदाहरण देख सकते हैं। सफ़ेद संगमरमर से बने महलों और इमारतों में इनकी साफ़ झलक दिखाई देती है। ऐसे में ऊपर से देखने पर यह शहर बिल्कुल सफ़ेद शहर जैसा लगता है।

Loving Newspoint? Download the app now